दुनिया में आने वाली मंदी को सज़ग हुए निवेशकों की खरीदारी ने सोने को आज एक नई ऊंचाई पर पहुँचा दिया है। इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) की वेबसाइट के मुताबिक, 9 जनवरी को सर्राफा बाजार में सोने के दाम 56300/- के पार चले गए हैं। इससे पहले अगस्त 2020 में 10 ग्राम सोने के दाम 56 हजार 200 रुपए हुए थे। एक्सपर्ट के मुताबिक,साल 2023 में सोने की कीमतें 60 हजार प्रति 10 ग्राम तक जा सकती हैं।
Monday, January 9, 2023
2023 में 64,000 रुपए तक पहुंच सकता सोना
ICICI बैंक की पूर्व CEO चंदा कोचर की गिरफ्तारी कानून के मुताबिक नहीं, एक लाख रुपए के मुचलके पर रिहा करने के आदेश : बॉम्बे हाईकोर्ट
बैंक फ्रॉड केस में घिरीं ICICI बैंक की पूर्व CEO चंदा कोचर की गिरफ्तारी को बॉम्बे हाईकोर्ट ने अवैध बताया है। कोर्ट ने कहा- उनकी गिरफ्तारी कानून के मुताबिक नहीं है। कोर्ट ने चंदा कोचर और उनके पति दीपक कोचर को एक लाख रुपए के मुचलके पर रिहा करने के आदेश दिए। CBI ने चंदा और दीपक दोनों को 23 दिसंबर को गिरफ्तार किया था। इसके बाद वीडियोकॉन ग्रुप के फाउंडर वेणुगोपाल धूत को भी 26 दिसंबर को गिरफ्तार किया गया था। कोर्ट ने तीनों को 10 जनवरी तक 14 दिन की ज्यूडिशियल कस्टडी में भेजा था।
Sunday, January 8, 2023
दिव्यांगजन की कमजोरियाँ नहीं, प्रतिभा को पहचानना हमारी जिम्मेदारी: राज्यपाल
राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल ने कहा है कि समाज, परिवार और हम सबकी जिम्मेदारी है कि दिव्यांगजन की कमजोरियों को नहीं, उनकी प्रतिभा को पहचाने और उसे निखारने एवं उनकी ऊर्जा को नई दिशा देने में सहयोग करें। राज्यपाल स्वयंसेवी संस्था आरूषि द्वारा आयोजित 17वीं ब्लाइंड चैलेंज कार रैली को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने झण्डी दिखा कर रैली का शुभारम्भ किया।
राज्यपाल श्री पटेल ने कहा कि रफ्तार से नहीं बल्कि नियंत्रित गति और सही रास्ते पर चलकर ही मंजिल पर पहुँचा जा सकता है। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों के प्रति लोगों के दृष्टिकोण में बदलाव लाना तथा उन्हें समाज की मुख्य-धारा से जोड़ना ज़रूरी है। सामाजिक भागीदारी के साथ दिव्यांगजन को बेहतर जीवन देने के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में संस्था का योगदान सराहनीय है। संस्था से सिर्फ युवा वालंटियर ही नहीं बल्कि विभिन्न क्षेत्रों के विख्यात लेखक, संगीतकार एवं कलाकार भी जुड़े हैं। राज्यपाल ने समाज के सभी नागरिकों से कहा कि जो भी काम करें, उन्हें करते हुए अपने दिव्यांग भाई-बहनों की समस्याओं को समझें और उनके प्रति संवेदनशीलता बढ़ाने में सहयोग करें।
कार्यक्रम में आरूषि के सचिव श्री अनिल मुदगल एवं अन्य आयोजक उपस्थित थे।
करणी सेना का भोपाल में प्रदर्शन स्टार्ट
करणी सेना ने आर्थिक आधार पर आरक्षण सहित 21 सूत्रीय मांगों को लेकर भोपाल में अपना महा आंदोलन शुरू किया। रविवार को जंबूरी मैदान में हो रहे इस प्रदर्शन में मध्यप्रदेश के अलावा हरियाणा, राजस्थान, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ के कार्यकर्ता भी पहुंचे हैं। करणी सेना की प्रमुख मांगें एट्रोसिटी एक्ट में संशोधन और स्वामीनाथन कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर किसानों की फसल के भाव तय करना है।
इधर प्रदर्शन के दौरान करणी सेना परिवार के प्रमुख जीवन सिंह शेरपुर ने भूख हड़ताल शुरू कर दी। उन्होंने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर 4 बजे तक हमारी मांगे पूरी नहीं हुई तो हम विधानसभा घेरेंगे। हालांकि प्रशासन ने अधिकारियों के दल के साथ बाचतीत का प्रस्ताव दिया और थोड़ा समय मांगा, जिसके बाद करणी सेना ने फिलहाल प्रस्तावित विधानसभा घेराव को टाल दिया है। हजारों की संख्या में करणी सेना के कार्यकर्ता जंबूरी मैदान में जुटे हुए हैं।
करणी सेना परिवार के प्रमुख जीवन सिंह शेरपुर का कहना है कि प्रशासन के अफसर आए थे। हमारा कहना है कि जो मंत्री मांगों को पूरा कर सकें, उन्हें लागू कर सके। वो आए या मुख्यमंत्री शिवराज सिंह को आना होगा। शेरपुर के मुताबिक हमारे लिए कोई फेवरेट नहीं है और न ही दुश्मन है। हमें आश्वासन नहीं, बल्कि काम चाहिए। ये भी बताएं कि हमारी मांगों को कैसे मानेंगे, कैसे लागू करेंगे, सभी 22 मांगों पर लिखित आदेश भी चाहिए। भोपाल के जंबूरी मैदान पर करणी सेना परिवार का शक्ति प्रदर्शन जारी है। इसमें कई प्रदेश से लोग शामिल होने आए हैं।
जानिए करणी सेना के महा आंदोलन का पूरा अपडेट
- करणी सेना के प्रमुख जीवन सिंह शेरपुरे की चेतावनी- 4 बजे तक मांगे पूरी नहीं हो विधानसभा घेरेंगे।
- करणी सेना प्रमुख जीवन सिंह शेरपुर ने भूख हड़ताल शुरू की।
- शक्ति प्रदर्शन में राजस्थान के गैंगस्टर दिवंगत आनंदपाल सिंह का भाई पहुंचे। वह राजस्थान से करीब 70 गाड़ियां लेकर भोपाल पहुंचे हैं।
- मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश के विधायक रघुराज प्रताप सिंह राजा भैया का कार्यक्रम कैंसिल हो गया। फ्लाइट मिस होने के कारण वे नहीं आ पाए।
- युवा और करणी सेना के लोगों 'माई के लाल' के नारे लगाए। आर्थिक आधार पर आरक्षण की मांग को लेकर नारेबाजी की।
- जंबूरी मैदान पर सुबह 11 बजे तक हजारों की संख्या में लोग जुट गए।
- कार्यक्रम के पहले पुलिस ने जंबूरी मैदान की ओर जाने वाले रास्तों का ट्रैफिक डायवर्ट कर दिया।
- शनिवार रात से ही करणी सेना के कार्यकर्ता भोपाल पहुंचने लगे थे।
भारत की प्रगति में प्रवासी भारतीय विश्वसनीय भागीदार – मुख्यमंत्री श्री चौहान
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने 17वें प्रवासी भारतीय दिवस में भाग लेने इंदौर आए अतिथियों का आत्मीय स्वागत करते हुए कहा कि इंदौरवासियों ने आपके भावभीने स्वागत के लिए पूरे शहर को रंगोली और विद्युत साज-सज्जा से जगमगाया है। इंदौर ने आपके लिए पलक पावड़े बिछाएँ हैं। मैं प्रदेश की ओर से आपका स्वागत करता हूँ। मध्यप्रदेश, देश का दिल है और आप हमारे दिल के टुकड़े हैं। अतिथि देवो भव की भावना के साथ मध्यप्रदेश में आपका स्वागत है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी सारी दुनिया को अपना परिवार मानते हैं। आजादी के अमृत काल में भारत की प्रगति के लिए प्रवासी भारतीय विश्वसनीय भागीदार हैं। प्रवासी भारतीयों ने अपनी गतिशीलता, कड़ी मेहनत और व्यवहार से पूरी दुनिया में भारत का डंका बजाया है, अलग विलक्षण पहचान दी है, इसीलिए मैं आपका सम्मान करता हूँ। मुख्यमंत्री श्री चौहान, आज इंदौर में युवा प्रवासी भारतीय दिवस के उद्घाटन सत्र को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री श्री चौहान के साथ केन्द्रीय विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर, केन्द्रीय युवा एवं खेल मंत्री श्री अनुराग सिंह ठाकुर, आस्ट्रेलिया की सांसद सुश्री ज़ेनिटा मेस्कानरेन्हास ने इंदौर के ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने स्वच्छता, मेक इन इंडिया, डिजिटल इंडिया, स्किल इंडिया के क्षेत्र में गतिविधियों से विश्व में विशेष स्थान बनाया है। ज्ञान-शक्ति और अर्थ-शक्ति के साथ आत्म-निर्भर भारत का निर्माण जारी है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने युवाओं को नवाचार और तकनीक के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि निश्चित लक्ष्य, कठोर परिश्रम, धैर्य के साथ चुनौतियों का सामना करते हुए आगे बढ़ने का साहस रखने से ही सफलता मिलती है। गूगल, मास्टर कार्ड, एबोड, माइक्रोसॉफ्ट जैसी तकनीक प्रधान संस्थाओं का संचालन भारतीय युवाओं के हाथों में है। सुंदर पिचाई, इंदिरा नूई जैसे लोगों ने सफलता का नया इतिहास रचा है। भारतीय युवाओं ने तकनीक और नवाचार के दम पर दुनिया में अपना लोहा मनवाया है।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश 19.76 प्रतिशत की विकास दर के साथ लगातार आगे बढ़ रहा है। हम शीघ्र ही युवा नीति ला रहे हैं। शिक्षा के साथ उद्यमिता के विकास के लिए ग्लोबल स्किल पार्क की स्थापना की जा रही है। केवल इंदौर में ही पंद्रह सौ से अधिक स्टार्टअप आरंभ हो चुके हैं। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने प्रवासी भारतीय युवाओं को अपने नवाचार के क्रियान्वयन के लिए मध्यप्रदेश आमंत्रित करते हुए कहा कि आपका कोई भी ऐसा नवाचार हो, जिसे आप क्रियान्वित करने के इच्छुक हो तो मध्यप्रदेश सरकार आपको हरसंभव सहयोग के लिए सदैव तत्पर रहेगी।
केंद्रीय विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी द्वारा कहे गए वाक्य "हमारा तो खून का रिश्ता है - पासपोर्ट का नहीं"। इस विचार ने प्रवासी भारतीय सम्मेलन के विचार को बल दिया। हम हर 2 साल में एक परिवार की तरह मिलते हैं। आजादी के अमृत काल में हो रहे इस सम्मेलन में हम स्वतंत्रता के 100 वर्ष अर्थात वर्ष 2047 तक के रोड मैप पर विचार करें। केंद्रीय मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने मुख्यमंत्री श्री चौहान का प्रदेश में प्रवासी भारतीय सम्मेलन के लिए श्रेष्ठतम सद्भावना और सर्वोत्तम आवभगत के साथ स्वागत के लिए आभार माना। केन्द्रीय मंत्री डॉ. जयशंकर ने कहा कि विश्व में सर्वाधिक प्रवासी भारत के हैं। कोविड के कठिन काल में भारत ने वैक्सीन मैत्री और वंदे भारत मिशन से संपूर्ण विश्व में सद्भावना का विस्तार किया। प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में बढ़ी डिजिटल डिलीवरी और अधो-संरचना गतिविधियों के विस्तार ने भारतीयों के आत्म-विश्वास में वृद्धि की है। देश में सकारात्मकता का वातावरण है। भारत रहने, कार्य करने और पर्यटन के लिए बेहतर देश के रूप में उभर रहा है। डॉ. एस. जयशंकर ने विदेश मंत्रालय द्वारा प्रवासी भारतीयों को दी जा रही सुविधाओं और उनसे संबंधित कार्यों की प्रक्रियाओं के सरलीकरण के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी भी दी।
आस्ट्रेलिया से आयी सांसद सुश्री ज़ेनिटा मेस्कानरेन्हास ने इंदौर के खान-पान और देश के विभिन्न राज्यों के पर्यटन की दृष्टि से रूचिकर स्थानों और विशेषताओं का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत उद्योग और तकनीक के क्षेत्र में निरंतर प्रगति कर रहा है। सुश्री ज़ेनिटा ने जलवायु परिवर्तन के क्षेत्र में संवेदनशीलता के साथ कार्य करने की आवश्यकता बतायी।
केंद्रीय युवा मामले एवं खेल मंत्री श्री अनुराग सिंह ठाकुर ने मुख्यमंत्री श्री चौहान का प्रवासी भारतीय सम्मेलन आयोजित करने की सहमति देने और सहयोग के लिए आभार माना। केंद्रीय मंत्री श्री ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने "एक धरती, एक परिवार, एक भविष्य" का विचार दिया है। पूरा देश प्रवासी भारतीयों से प्रेम करता है, उनका सम्मान करता है और उनकी उपलब्धियों पर देश को गर्व है। प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में एक भारत, श्रेष्ठ भारत के विचार को स्थापित करने का कार्य जारी है। जिन्होंने हम पर 200 साल राज किया उन्हें पछाड़ कर हम दुनिया की 5 सबसे बड़ी अर्थ-व्यवस्था में शामिल हुए हैं। भारतीय युवाओं ने भारत को दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप नेशन बनाया है। केंद्रीय मंत्री श्री ठाकुर ने कहा कि युवा प्रवासी भारतीय अपने सपनों को पूरा करने के लिए मेहनत से आगे बढ़ रहे हैं, पर उनके दिल में भारत बसता है। उन्होंने युवाओं को नवाचार करने और अपने विचारों और नवाचारों को भारत में क्रियान्वित करने के लिए आमंत्रित किया।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि वे प्रवासी भारतीय सम्मेलन में आए अतिथियों के साथ पौध-रोपण करेंगे। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने इंदौर पधारे अतिथियों को इंदौर के सराफा, छप्पन दुकान के भ्रमण तथा श्री महाकाल महालोक और ओंकारेश्वर के दर्शन के लिए आग्रह किया। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने मध्यप्रदेश के पर्यटन-स्थलों का भ्रमण करने के लिए भी अतिथियों को आमंत्रित किया।
ठण्ड से पूरा उत्तर भारत बेहाल, जोबनेर (जयपुर) में लगातार चौथे दिन पारा -2.5 डिग्री
ठण्ड का सितम पूरे भारत में जारी है।पूरे देश खास कर उत्तर भारत में जारी शीतलहर ने पूरा जन जीवन अस्त व्यस्त कर दिया है। उस पर भी सबसे खास बात यह है कि देश के कुछ इलाकों में जम्मू कश्मीर से भी ज्यादा ठंड पड़ रही है। पटना का न्यूनतम तापमान 7.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि जम्मू के कटरा में न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं, राजस्थान के जोबनेर (जयपुर) में लगातार चौथे दिन पारा -2.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।राजस्थान के कई इलाकों में माइनस में पारा जा रहा है। शनिवार को जोबनेर (जयपुर) में लगातार चौथे दिन पारा -2.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। चूरू में पारा वापस जमाव बिंदु यानी 0 पर पहुंच गया। फतेहपुर में भी तापमान आज 2 डिग्री सेल्सियस लुढ़ककर -1.8 पर पहुंच गया। फतेहपुर में इस सीजन में ये छठा दिन है जब पारा माइनस में गया है। राज्य के कई शहरों में दिनभर शीतलहर चलने का भी अलर्ट है। प्रदेश में कड़ाके की सर्दी से दिन और रात के तापमान का अंतर केवल 5 डिग्री सेल्सियस ही रह गया है। उत्तर राजस्थान में घने कोहरे और कोल्ड-वेव के कारण दिन का तापमान सामान्य से 10 डिग्री सेल्सियस नीचे चला गया है। पिछले एक सप्ताह से राजस्थान में कोल्ड-डे की स्थिति बनी हुई है। ऐसे में अब 8 जनवरी से लोगों को बर्फीली हवाओं से राहत मिल सकती है। हालांकि, सर्दी से ये राहत केवल मकर संक्रांति तक ही मिलेगी। 15 जनवरी से एक बार फिर राजस्थान में शीतलहर और कोल्ड-डे की स्थिति बनने के आसार हैं।मौसम विभाग के मुताबिक राजस्थान में आज 11 शहरों में शीतलहर का प्रकोप रहेगा। इसके लिए बकायदा येलो अलर्ट भी जारी किया है। इसमें शेखावाटी बेल्ट के चूरू, सीकर, झुंझुनूं के अलावा पूर्वी राजस्थान के अलवर, भरतपुर, दौसा, सवाई माधोपुर, धौलपुर, करौली, सवाई माधोपुर और नागौर, टोंक जिले है। इन जिलों में आज भी मौसम विभाग ने कोल्ड-वेव की संभावना जताई है।
ठण्ड के मामले में दिल्ली भी कुछ कम नहीं है। शनिवार को दिल्ली के रिज इलाके में 1.5 डिग्री सेल्सियस तक न्यूनतम तापमान पहुंचा और सफदरजंग में 2.2 डिग्री सेल्सियस तक टेम्प्रेचर रिकॉर्ड किया गया। सुबह 6 बजे तक की रिपोर्ट के मुताबिक, कोहरे की वजह से दिल्ली एयरपोर्ट में 20 फ्लाइट्स डिले हुईं। हालांकि, किसी भी प्लेन के डायवर्ट होने की सूचना नहीं है। वहीं, रेलवे ने बताया कि कोहरे की वजह देशभर में 335 ट्रेनें डिले और 88 कैंसिल हुईं। 31 ट्रेनों को डायवर्ट किया गया। इंडियन मेट्रोलॉजिकल डिपार्टमेंट (IMD) के मुताबिक, उत्तर भारत के कई इलाकों में तापमान में अगले 2 से 3 दिनों में कोई बदलाव नहीं होगा। इसके बाद कई जगहों पर टेम्प्रेचर 2 डिग्री सेल्सियस बढ़ेगा। हालांकि मौसम विभाग ने MP को लेकर आशंका जताई है कि अगले 2 दिनों में यहां का टेम्प्रेचर लगभग 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरेगा।
उत्तर राजस्थान में घना कोहरा
कड़ाके की सर्दी और शीतलहर के साथ ही समूचा उत्तरी राजस्थान आज भी कोहरे की चपेट में है। गंगानगर, हनुमानगढ़, पिलानी के अलावा बीकानेर और चूरू के ग्रामीण एरिया में भी आज सुबह घना कोहरा छाया रहा। यहां विजिबिलिटी 50 मीटर से भी कम रही। उत्तरी राजस्थान में पिछले एक सप्ताह से घने कोहरे के कारण यहां दिन का तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नहीं ही दर्ज हो रहा है।
15 जनवरी से फिर पड़ेगी कड़ाके की ठंड
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक 8 जनवरी और उसके बाद 11 जनवरी को दो बैक टू बैक वेस्टर्न डिस्टर्बेंस उत्तर भारत में अगले सप्ताह सक्रिय होंगे। इन सिस्टम के असर से जम्मू-कश्मीर, हिमाचल, लद्दाख, गिलगिट-बाल्टिस्तान के अलावा उत्तराखंड एरिया में अच्छी बर्फबारी हो सकती है। 13 जनवरी को सिस्टम के चले जाने के बाद मकर संक्रांति या 15 जनवरी से फिर से उत्तरी हवाएं मैदानी इलाकों में आने लगेंगी। मौसम विशेषज्ञों का अनुमान है कि 15 जनवरी से जो हवाएं चलेंगी, उससे एक बार फिर राजस्थान के कई शहरों में पारा जमाव बिंदु या उससे भी नीचे जाएगा।
Wednesday, January 4, 2023
8 जनवरी से इंदौर में होगा अंतर्राष्ट्रीय सेमिनार का आयोजन
8 जनवरी 2023 को देवी अहिल्या विश्वविद्यालय इंदौर के स्कूल ऑफ कंप्यूटर साइंस विभाग में शासकीय महाविद्यालय पीथमपुर जिला धार व एनी बेसेंट कॉलेज इंदौर में रिसर्च फाउंडेशन ऑफ इंडिया न्यू दिल्ली के संयुक्त तत्वाधान में अंतर्राष्ट्रीय सेमिनार का आयोजन किया जा रहा है। जिसका विषय "इंपैक्ट ऑन एजुकेशन सेक्टर आफ्टर पांडेमिक इन द फील्ड ऑफ कॉमर्स मैनेजमेंट साइंस मेडिकल इंजीनियरिंग आईटी एंड ह्यूमैनिटी" इस विषय पर आयोजित किया जा रहा है इस सेमिनार के मुख्य अतिथि माननीय डॉ मोहन यादव जी मंत्री उच्च शिक्षा विभाग व माननीय सुश्री उषा ठाकुर जी कैबिनेट मंत्री संस्कृति पर्यटन रहेंगी इस अंतरराष्ट्रीय सेमिनार में विशेष अतिथि के रूप में कुलपति देवी अहिल्या विश्वविद्यालय इंदौर डॉक्टर रेणु जैन विक्रम विश्वविद्यालय उज्जैन के अखिलेश कुमार पांडे जी व कुलपति हिंदी विश्वविद्यालय भोपाल इस सेमिनार में मौजूद रहेंगे इस अंतरराष्ट्रीय सेमिनार में इंटरनेशनल गेस्ट स्पीकर मेसेडोनिया फिलीपींस ग्रीस व टैक्सास से जुड़ेंगे साथी नेशनल गेस्ट स्पीकर के रूप में डॉक्टर मौसमी दत्ता डॉक्टर सुधाकर उनाले डॉक्टर सांत्वना मिश्रा व सुमंत दत्ता रहेंगे इस अंतरराष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस में चीफ पैटर्न के रूप में डॉ किरण सलूजा डॉक्टर सौरभ जैन मौजूद रहेंगे वह पैटर्न के रूप में डॉक्टर विनोद खत्री डॉक्टर सचिन शर्मा डॉ अजय जैन व डॉक्टर मनीष दुबे रहेंगे इस पूरे कांफ्रेंस के ऑर्गेनाइजिंग सेक्रेट्री के रूप में डॉ संजय प्रसाद इस कॉन्फ्रेंस को लीड करेंगे कन्वीनर के रूप में डॉ अनीता मालवी व सुचिता ओझा रहेंगे इस अंतरराष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस में देश विदेश के लगभग 300 प्रतिभागी भाग लेंगे वह 50 से अधिक पेपर प्रेजेंटेशन होंगे वर्षों से अधिक पेपरों का पब्लिकेशन किया जाएगा इसी कान्फ्रेंस में 100 से अधिक एडिटेड बुक लॉन्च की जाएगी जो कि एक रिकॉर्ड के रूप में स्थापित होंगी इस अंतरराष्ट्रीय सेमिनार में देश विदेश के विद्वान प्रबुद्ध जन शामिल होंगे।
Featured Post
RBI ने गोल्ड लोन नियमों में किया बड़ा बदलाव, अब 1 लाख रुपए की गोल्ड वैल्यू पर 85,000 रुपए तक का मिल सकेगा लोन
भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने गोल्ड लोन के नियमों में बड़ा बदलाव किया है। रिजर्व बैंक ने 2.5 लाख रुपए तक के गोल्ड लोन पर लोन-टू-वैल्यू (LTV) रे...
-
PNB के खाता धारक कल शाम से Google pay और phone pay सुविधा का उपयोग नहीं कर पा रहे हैं। खाता धारक ना ही अपने PNB के अकाउंट का बैलेन्स check ...
-
देश भर में आज (गुरुवार) को बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा दीपावली का पवन पर्व । हर साल की तरह कार्तिक मास के कृष्ण पक्ष की अमावस्या ...
-
सस्ती एयरलाइन कैरियर इंडिगो ने भी बिज़नेस क्लास पैसेंजर्स को अट्रैक्ट करने का पूरा प्लान बना लिया है l इंडिगो ने भी 05 अगस्त 2024 से अपने एयर...