Sunday, January 8, 2023

करणी सेना का भोपाल में प्रदर्शन स्टार्ट

करणी सेना ने आर्थिक आधार पर आरक्षण सहित 21 सूत्रीय मांगों को लेकर भोपाल में अपना महा आंदोलन शुरू किया। रविवार को जंबूरी मैदान में हो रहे इस प्रदर्शन में मध्यप्रदेश के अलावा हरियाणा, राजस्थान, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ के कार्यकर्ता भी पहुंचे हैं। करणी सेना की प्रमुख मांगें एट्रोसिटी एक्ट में संशोधन और स्वामीनाथन कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर किसानों की फसल के भाव तय करना है।

इधर प्रदर्शन के दौरान करणी सेना परिवार के प्रमुख जीवन सिंह शेरपुर ने भूख हड़ताल शुरू कर दी। उन्होंने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर 4 बजे तक हमारी मांगे पूरी नहीं हुई तो हम विधानसभा घेरेंगे। हालांकि प्रशासन ने अधिकारियों के दल के साथ बाचतीत का प्रस्ताव दिया और थोड़ा समय मांगा, जिसके बाद करणी सेना ने फिलहाल प्रस्तावित विधानसभा घेराव को टाल दिया है। हजारों की संख्या में करणी सेना के कार्यकर्ता जंबूरी मैदान में जुटे हुए हैं।

जीवन सिंह शेरपुर से मिलने पहुंचे पुलिस अधिकारी

एडिशनल डीसीपी रामस्नेही मिश्रा करणी सेना के प्रतिनिधि मंडल से बात करने पहुंचे। इस दौरान जीवन सिंह शेरपुर से कहा कि राज्य सरकार का प्रतिनिधि मंडल बातचीत के लिए आने के लिए तैयार है। इस पर शेरपुर ने कहा कि हमें आश्वासन नहीं चाहिए, लिखित में आदेश चाहिए। ऐसा व्यक्ति हमसे मिलने आए जो कुछ लिखित में दे सके।

करणी सेना परिवार के प्रमुख जीवन सिंह शेरपुर का कहना है कि प्रशासन के अफसर आए थे। हमारा कहना है कि जो मंत्री मांगों को पूरा कर सकें, उन्हें लागू कर सके। वो आए या मुख्यमंत्री शिवराज सिंह को आना होगा। शेरपुर के मुताबिक हमारे लिए कोई फेवरेट नहीं है और न ही दुश्मन है। हमें आश्वासन नहीं, बल्कि काम चाहिए। ये भी बताएं कि हमारी मांगों को कैसे मानेंगे, कैसे लागू करेंगे, सभी 22 मांगों पर लिखित आदेश भी चाहिए। भोपाल के जंबूरी मैदान पर करणी सेना परिवार का शक्ति प्रदर्शन जारी है। इसमें कई प्रदेश से लोग शामिल होने आए हैं।

जानिए करणी सेना के महा आंदोलन का पूरा अपडेट

  • करणी सेना के प्रमुख जीवन सिंह शेरपुरे की चेतावनी- 4 बजे तक मांगे पूरी नहीं हो विधानसभा घेरेंगे।
  • करणी सेना प्रमुख जीवन सिंह शेरपुर ने भूख हड़ताल शुरू की।
  • शक्ति प्रदर्शन में राजस्थान के गैंगस्टर दिवंगत आनंदपाल सिंह का भाई पहुंचे। वह राजस्थान से करीब 70 गाड़ियां लेकर भोपाल पहुंचे हैं।
  • मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश के विधायक रघुराज प्रताप सिंह राजा भैया का कार्यक्रम कैंसिल हो गया। फ्लाइट मिस होने के कारण वे नहीं आ पाए।
  • युवा और करणी सेना के लोगों 'माई के लाल' के नारे लगाए। आर्थिक आधार पर आरक्षण की मांग को लेकर नारेबाजी की।
  • जंबूरी मैदान पर सुबह 11 बजे तक हजारों की संख्या में लोग जुट गए।
  • कार्यक्रम के पहले पुलिस ने जंबूरी मैदान की ओर जाने वाले रास्तों का ट्रैफिक डायवर्ट कर दिया।
  • शनिवार रात से ही करणी सेना के कार्यकर्ता भोपाल पहुंचने लगे थे।

भारत की प्रगति में प्रवासी भारतीय विश्वसनीय भागीदार – मुख्यमंत्री श्री चौहान

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने 17वें प्रवासी भारतीय दिवस में भाग लेने इंदौर आए अतिथियों का आत्मीय स्वागत करते हुए कहा कि इंदौरवासियों ने आपके भावभीने स्वागत के लिए पूरे शहर को रंगोली और विद्युत साज-सज्जा से जगमगाया है। इंदौर ने आपके लिए पलक पावड़े बिछाएँ हैं। मैं प्रदेश की ओर से आपका स्वागत करता हूँ। मध्यप्रदेश, देश का दिल है और आप हमारे दिल के टुकड़े हैं। अतिथि देवो भव की भावना के साथ मध्यप्रदेश में आपका स्वागत है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी सारी दुनिया को अपना परिवार मानते हैं। आजादी के अमृत काल में भारत की प्रगति के लिए प्रवासी भारतीय विश्वसनीय भागीदार हैं। प्रवासी भारतीयों ने अपनी गतिशीलता, कड़ी मेहनत और व्यवहार से पूरी दुनिया में भारत का डंका बजाया है, अलग विलक्षण पहचान दी है, इसीलिए मैं आपका सम्मान करता हूँ। मुख्यमंत्री श्री चौहान, आज इंदौर में युवा प्रवासी भारतीय दिवस के उद्घाटन सत्र को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री श्री चौहान के साथ केन्द्रीय विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर, केन्द्रीय युवा एवं खेल मंत्री श्री अनुराग सिंह ठाकुर, आस्ट्रेलिया की सांसद सुश्री ज़ेनिटा मेस्कानरेन्हास ने इंदौर के ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में दीप प्रज्ज्‍वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने स्वच्छता, मेक इन इंडिया, डिजिटल इंडिया, स्किल इंडिया के क्षेत्र में गतिविधियों से विश्व में विशेष स्थान बनाया है। ज्ञान-शक्ति और अर्थ-शक्ति के साथ आत्म-निर्भर भारत का निर्माण जारी है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने युवाओं को नवाचार और तकनीक के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि निश्चित लक्ष्य, कठोर परिश्रम, धैर्य के साथ चुनौतियों का सामना करते हुए आगे बढ़ने का साहस रखने से ही सफलता मिलती है। गूगल, मास्टर कार्ड, एबोड, माइक्रोसॉफ्ट जैसी तकनीक प्रधान संस्थाओं का संचालन भारतीय युवाओं के हाथों में है। सुंदर पिचाई, इंदिरा नूई जैसे लोगों ने सफलता का नया इतिहास रचा है। भारतीय युवाओं ने तकनीक और नवाचार के दम पर दुनिया में अपना लोहा मनवाया है।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश 19.76 प्रतिशत की विकास दर के साथ लगातार आगे बढ़ रहा है। हम शीघ्र ही युवा नीति ला रहे हैं। शिक्षा के साथ उद्यमिता के विकास के लिए ग्लोबल स्किल पार्क की स्थापना की जा रही है। केवल इंदौर में ही पंद्रह सौ से अधिक स्टार्टअप आरंभ हो चुके हैं। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने प्रवासी भारतीय युवाओं को अपने नवाचार के क्रियान्वयन के लिए मध्यप्रदेश आमंत्रित करते हुए कहा कि आपका कोई भी ऐसा नवाचार हो, जिसे आप क्रियान्वित करने के इच्छुक हो तो मध्यप्रदेश सरकार आपको हरसंभव सहयोग के लिए सदैव तत्पर रहेगी।

केंद्रीय विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी द्वारा कहे गए वाक्य "हमारा तो खून का रिश्ता है - पासपोर्ट का नहीं"। इस विचार ने प्रवासी भारतीय सम्मेलन के विचार को बल दिया। हम हर 2 साल में एक परिवार की तरह मिलते हैं। आजादी के अमृत काल में हो रहे इस सम्मेलन में हम स्वतंत्रता के 100 वर्ष अर्थात वर्ष 2047 तक के रोड मैप पर विचार करें। केंद्रीय मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने मुख्यमंत्री श्री चौहान का प्रदेश में प्रवासी भारतीय सम्मेलन के लिए श्रेष्ठतम सद्भावना और सर्वोत्तम आवभगत के साथ स्वागत के लिए आभार माना। केन्द्रीय मंत्री डॉ. जयशंकर ने कहा कि विश्व में सर्वाधिक प्रवासी भारत के हैं। कोविड के कठिन काल में भारत ने वैक्सीन मैत्री और वंदे भारत मिशन से संपूर्ण विश्व में सद्भावना का विस्तार किया। प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में बढ़ी डिजिटल डिलीवरी और अधो-संरचना गतिविधियों के विस्तार ने भारतीयों के आत्म-विश्वास में वृद्धि की है। देश में सकारात्मकता का वातावरण है। भारत रहने, कार्य करने और पर्यटन के लिए बेहतर देश के रूप में उभर रहा है। डॉ. एस. जयशंकर ने विदेश मंत्रालय द्वारा प्रवासी भारतीयों को दी जा रही सुविधाओं और उनसे संबंधित कार्यों की प्रक्रियाओं के सरलीकरण के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी भी दी।

आस्ट्रेलिया से आयी सांसद सुश्री ज़ेनिटा मेस्कानरेन्हास ने इंदौर के खान-पान और देश के विभिन्न राज्यों के पर्यटन की दृष्टि से रूचिकर स्थानों और विशेषताओं का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत उद्योग और तकनीक के क्षेत्र में निरंतर प्रगति कर रहा है। सुश्री ज़ेनिटा ने जलवायु परिवर्तन के क्षेत्र में संवेदनशीलता के साथ कार्य करने की आवश्यकता बतायी।

केंद्रीय युवा मामले एवं खेल मंत्री श्री अनुराग सिंह ठाकुर ने मुख्यमंत्री श्री चौहान का प्रवासी भारतीय सम्मेलन आयोजित करने की सहमति देने और सहयोग के लिए आभार माना। केंद्रीय मंत्री श्री ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने "एक धरती, एक परिवार, एक भविष्य" का विचार दिया है। पूरा देश प्रवासी भारतीयों से प्रेम करता है, उनका सम्मान करता है और उनकी उपलब्धियों पर देश को गर्व है। प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में एक भारत, श्रेष्ठ भारत के विचार को स्थापित करने का कार्य जारी है। जिन्होंने हम पर 200 साल राज किया उन्हें पछाड़ कर हम दुनिया की 5 सबसे बड़ी अर्थ-व्यवस्था में शामिल हुए हैं। भारतीय युवाओं ने भारत को दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप नेशन बनाया है। केंद्रीय मंत्री श्री ठाकुर ने कहा कि युवा प्रवासी भारतीय अपने सपनों को पूरा करने के लिए मेहनत से आगे बढ़ रहे हैं, पर उनके दिल में भारत बसता है। उन्होंने युवाओं को नवाचार करने और अपने विचारों और नवाचारों को भारत में क्रियान्वित करने के लिए आमंत्रित किया।


मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि वे प्रवासी भारतीय सम्मेलन में आए अतिथियों के साथ पौध-रोपण करेंगे। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने इंदौर पधारे अतिथियों को इंदौर के सराफा, छप्पन दुकान के भ्रमण तथा श्री महाकाल महालोक और ओंकारेश्वर के दर्शन के लिए आग्रह किया। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने मध्यप्रदेश के पर्यटन-स्थलों का भ्रमण करने के लिए भी अतिथियों को आमंत्रित किया।

ठण्ड से पूरा उत्तर भारत बेहाल, जोबनेर (जयपुर) में लगातार चौथे दिन पारा -2.5 डिग्री

ठण्ड का सितम पूरे भारत में जारी है।पूरे देश खास कर उत्तर भारत में जारी शीतलहर ने पूरा जन  जीवन अस्त व्यस्त कर दिया है। उस पर भी सबसे खास बात यह है कि देश के कुछ इलाकों में जम्मू कश्मीर से भी ज्यादा ठंड पड़ रही है। पटना का न्यूनतम तापमान 7.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि जम्मू के कटरा में न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं, राजस्थान के जोबनेर (जयपुर) में लगातार चौथे दिन पारा -2.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।राजस्थान के कई इलाकों में माइनस में पारा जा रहा है। शनिवार को जोबनेर (जयपुर) में लगातार चौथे दिन पारा -2.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। चूरू में पारा वापस जमाव बिंदु यानी 0 पर पहुंच गया। फतेहपुर में भी तापमान आज 2 डिग्री सेल्सियस लुढ़ककर -1.8 पर पहुंच गया। फतेहपुर में इस सीजन में ये छठा दिन है जब पारा माइनस में गया है। राज्य के कई शहरों में दिनभर शीतलहर चलने का भी अलर्ट है। प्रदेश में कड़ाके की सर्दी से दिन और रात के तापमान का अंतर केवल 5 डिग्री सेल्सियस ही रह गया है। उत्तर राजस्थान में घने कोहरे और कोल्ड-वेव के कारण दिन का तापमान सामान्य से 10 डिग्री सेल्सियस नीचे चला गया है। पिछले एक सप्ताह से राजस्थान में कोल्ड-डे की स्थिति बनी हुई है। ऐसे में अब 8 जनवरी से लोगों को बर्फीली हवाओं से राहत मिल सकती है। हालांकि, सर्दी से ये राहत केवल मकर संक्रांति तक ही मिलेगी। 15 जनवरी से एक बार फिर राजस्थान में शीतलहर और कोल्ड-डे की स्थिति बनने के आसार हैं।मौसम विभाग के मुताबिक राजस्थान में आज 11 शहरों में शीतलहर का प्रकोप रहेगा। इसके लिए बकायदा येलो अलर्ट भी जारी किया है। इसमें शेखावाटी बेल्ट के चूरू, सीकर, झुंझुनूं के अलावा पूर्वी राजस्थान के अलवर, भरतपुर, दौसा, सवाई माधोपुर, धौलपुर, करौली, सवाई माधोपुर और नागौर, टोंक जिले है। इन जिलों में आज भी मौसम विभाग ने कोल्ड-वेव की संभावना जताई है।


ठण्ड के मामले में दिल्ली भी कुछ कम नहीं है शनिवार को दिल्ली के रिज इलाके में 1.5 डिग्री सेल्सियस तक न्यूनतम तापमान पहुंचा और सफदरजंग में 2.2 डिग्री सेल्सियस तक टेम्प्रेचर रिकॉर्ड किया गया। सुबह 6 बजे तक की रिपोर्ट के मुताबिक, कोहरे की वजह से दिल्ली एयरपोर्ट में 20 फ्लाइट्स डिले हुईं। हालांकि, किसी भी प्लेन के डायवर्ट होने की सूचना नहीं है। वहीं, रेलवे ने बताया कि कोहरे की वजह देशभर में 335 ट्रेनें डिले और 88 कैंसिल हुईं। 31 ट्रेनों को डायवर्ट किया गया। इंडियन मेट्रोलॉजिकल डिपार्टमेंट (IMD) के मुताबिक, उत्तर भारत के कई इलाकों में तापमान में अगले 2 से 3 दिनों में कोई बदलाव नहीं होगा। इसके बाद कई जगहों पर टेम्प्रेचर 2 डिग्री सेल्सियस बढ़ेगा। हालांकि मौसम विभाग ने MP को लेकर आशंका जताई है कि अगले 2 दिनों में यहां का टेम्प्रेचर लगभग 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरेगा।

उत्तर राजस्थान में घना कोहरा
कड़ाके की सर्दी और शीतलहर के साथ ही समूचा उत्तरी राजस्थान आज भी कोहरे की चपेट में है। गंगानगर, हनुमानगढ़, पिलानी के अलावा बीकानेर और चूरू के ग्रामीण एरिया में भी आज सुबह घना कोहरा छाया रहा। यहां विजिबिलिटी 50 मीटर से भी कम रही। उत्तरी राजस्थान में पिछले एक सप्ताह से घने कोहरे के कारण यहां दिन का तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नहीं ही दर्ज हो रहा है।

15 जनवरी से फिर पड़ेगी कड़ाके की ठंड 
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक 8 जनवरी और उसके बाद 11 जनवरी को दो बैक टू बैक वेस्टर्न डिस्टर्बेंस उत्तर भारत में अगले सप्ताह सक्रिय होंगे। इन सिस्टम के असर से जम्मू-कश्मीर, हिमाचल, लद्दाख, गिलगिट-बाल्टिस्तान के अलावा उत्तराखंड एरिया में अच्छी बर्फबारी हो सकती है। 13 जनवरी को सिस्टम के चले जाने के बाद मकर संक्रांति या 15 जनवरी से फिर से उत्तरी हवाएं मैदानी इलाकों में आने लगेंगी। मौसम विशेषज्ञों का अनुमान है कि 15 जनवरी से जो हवाएं चलेंगी, उससे एक बार फिर राजस्थान के कई शहरों में पारा जमाव बिंदु या उससे भी नीचे जाएगा।

Wednesday, January 4, 2023

8 जनवरी से इंदौर में होगा अंतर्राष्ट्रीय सेमिनार का आयोजन

8 जनवरी 2023 को देवी अहिल्या विश्वविद्यालय इंदौर के स्कूल ऑफ कंप्यूटर साइंस विभाग में शासकीय महाविद्यालय पीथमपुर जिला धार व एनी बेसेंट कॉलेज इंदौर में रिसर्च फाउंडेशन ऑफ इंडिया न्यू दिल्ली के संयुक्त तत्वाधान में अंतर्राष्ट्रीय सेमिनार का आयोजन किया जा रहा है जिसका विषय "इंपैक्ट ऑन एजुकेशन सेक्टर आफ्टर पांडेमिक इन द फील्ड ऑफ कॉमर्स मैनेजमेंट साइंस मेडिकल इंजीनियरिंग आईटी एंड ह्यूमैनिटी" इस विषय पर आयोजित किया जा रहा है इस सेमिनार के मुख्य अतिथि माननीय डॉ मोहन यादव जी मंत्री उच्च शिक्षा विभाग व माननीय सुश्री उषा ठाकुर जी कैबिनेट मंत्री संस्कृति पर्यटन रहेंगी इस अंतरराष्ट्रीय सेमिनार में विशेष अतिथि के रूप में कुलपति देवी अहिल्या विश्वविद्यालय इंदौर डॉक्टर रेणु जैन विक्रम विश्वविद्यालय उज्जैन के अखिलेश कुमार पांडे जी व कुलपति हिंदी विश्वविद्यालय भोपाल इस सेमिनार में मौजूद रहेंगे इस अंतरराष्ट्रीय सेमिनार में इंटरनेशनल गेस्ट स्पीकर मेसेडोनिया फिलीपींस ग्रीस व टैक्सास से जुड़ेंगे साथी नेशनल गेस्ट स्पीकर के रूप में डॉक्टर मौसमी दत्ता डॉक्टर सुधाकर उनाले डॉक्टर सांत्वना मिश्रा व सुमंत दत्ता रहेंगे इस अंतरराष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस में चीफ पैटर्न के रूप में डॉ किरण सलूजा डॉक्टर सौरभ जैन मौजूद रहेंगे वह पैटर्न के रूप में डॉक्टर विनोद खत्री डॉक्टर सचिन शर्मा डॉ अजय जैन व डॉक्टर मनीष दुबे रहेंगे इस पूरे कांफ्रेंस के ऑर्गेनाइजिंग सेक्रेट्री के रूप में डॉ संजय प्रसाद इस कॉन्फ्रेंस को लीड करेंगे कन्वीनर के रूप में डॉ अनीता मालवी व सुचिता ओझा रहेंगे इस अंतरराष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस में देश विदेश के लगभग 300 प्रतिभागी भाग लेंगे वह 50 से अधिक पेपर प्रेजेंटेशन होंगे वर्षों से अधिक पेपरों का पब्लिकेशन किया जाएगा इसी कान्फ्रेंस में 100 से अधिक एडिटेड बुक लॉन्च की जाएगी जो कि एक रिकॉर्ड के रूप में स्थापित होंगी इस अंतरराष्ट्रीय सेमिनार में देश विदेश के विद्वान प्रबुद्ध जन शामिल होंगे




Monday, January 2, 2023

केंद्र सरकार का नोटबंदी का डिसीजन सही : पांच जजों की संविधान पीठ

नोटबंदी को आज देश के सबसे बड़े कोर्ट ने सही ठहराया दिया है। पांच जजों की संविधान पीठ ने सोमवार को अपने फैसले में कहा कि केंद्र सरकार का नोटबंदी का डिसिशन सही था। पांच जजों की संविधान पीठ में जस्टिस एस अब्दुल नजीर, बीआर गवई, एएस बोपन्ना, वी रामसुब्रमण्यम और जस्टिस बीवी नागरत्ना शामिल थे। बेंच ने कहा कि 500 और 1000 के नोट बंद करने की प्रक्रिया में कोई गड़बड़ी नहीं हुई है। बेंच ने यह भी कहा कि आर्थिक फैसले को पलटा नहीं जा सकता। संविधान पीठ ने यह फैसला चार-एक के बहुमत से सुनाया। इनमें से जस्टिस बीवी नागरत्ना ने बाकी चार जजों की राय से अलग फैसला लिखा। उन्होंने कहा कि नोटबंदी का फैसला गैरकानूनी था। इसे गजट नोटिफिकेशन की जगह कानून के जरिए लिया जाना था। हालांकि उन्होंने कहा कि इसका सरकार के पुराने फैसले पर कोई असर नहीं पड़ेगा।

8 नवंबर 2016 को PM मोदी ने नोटबंदी की घोषणा की थी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 8 नवंबर 2016 को देश के नाम संदेश में रात 12 से 500 और 1000 रुपए के नोट बंद करने का ऐलान किया था। उस समय सरकार को उम्मीद थी कि नोटबंदी से कम से कम 3-4 लाख करोड़ रुपए का काला धन बाहर आ जाएगा। हालांकि, पूरी कवायद में 1.3 लाख करोड़ रुपए का काला धन ही सामने आया।

सरकार ने RBI से सलाह लेकर की थी नोटबंदी:- पांच जजों की संविधान पीठ 

सुप्रीम कोर्ट की संविधान पीठ ने कहा- नोटबंदी से पहले सरकार और RBI के बीच बातचीत हुई थी। इससे यह माना जा सकता है कि नोटबंदी सरकार का मनमाना फैसला नहीं था। संविधान पीठ ने इस फैसले के साथ ही नोटबंदी के खिलाफ दाखिल सभी 58 याचिकाएं खारिज कर दीं।

सरकार ने कहा था- RBI की सलाह पर की नोटबंदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2016 में 1000 और 500 रुपए के नोट बंद करने का ऐलान किया था। सरकार के इस फैसले के खिलाफ 58 कई याचिकाएं दाखिल की गई थीं। सुनवाई के दौरान कोर्ट ने सरकार से पूछा था कि किस कानून के तहत 1000 और 500 रुपए के नोट बंद किए गए थे। कोर्ट ने इस मामले में सरकार और RBI से जवाब तलब किया था। केंद्र सरकार ने पिछले साल 9 नवंबर को दाखिल हलफनामे में कहा था कि 500 और 1000 के नोटों की तादाद बहुत ज्यादा बढ़ गई थी। इसीलिए फरवरी से लेकर नवंबर तक RBI से विचार-विमर्श के बाद 8 नवंबर को इन नोटों को चलन से बाहर करने यानी नोटबंदी का फैसला लिया गया था।

याचिका में दलील- करेंसी रद्द करने का अधिकार नहीं 
इस मामले में याचिकाकर्ताओं की दलील थी कि भारतीय रिजर्व बैंक अधिनियम की धारा 26 (2) किसी विशेष मूल्यवर्ग के करेंसी नोटों को पूरी तरह से रद्द करने के लिए सरकार को अधिकृत नहीं करती है। धारा 26 (2) केंद्र को एक खास सीरीज के करेंसी नोटों को रद्द करने का अधिकार देती है, न कि संपूर्ण करेंसी नोटों को।

केंद्र ने कहा था- काले धन​ से निपटने की थी नोटबंदी​​​​​
सुप्रीम कोर्ट में सरकार ने नोटबंदी के फैसले का बचाव करते हुए कहा था कि यह जाली करंसी, टेरर फंडिंग, काले धन और कर चोरी जैसी समस्याओं से निपटने की प्लानिंग का हिस्सा और असरदार तरीका था। यह इकोनॉमिक पॉलिसीज में बदलाव से जुड़ी सीरीज का सबसे बड़ा कदम था। केंद्र ने यह भी कहा था कि नोटबंदी का फैसला रिजर्व बैंक के केंद्रीय निदेशक मंडल की सिफारिश पर ही लिया गया था।

कोर्ट में सरकार ने नोटबंदी से हुए फायदे भी गिनाए
केंद्र ने अपने जवाब में यह भी कहा कि नोटबंदी से नकली नोटों में कमी, डिजिटल लेन-देन में बढ़ोत्तरी, बेहिसाब आय का पता लगाने जैसे कई लाभ हुए हैं। अकेले अक्टूबर 2022 में 730 करोड़ का डिजिटल ट्रांजैक्शन ​​​​​​हुआ, यानी एक महीने 12 लाख करोड़ रुपए का लेन-देन रिकॉर्ड किया गया है। जो 2016 में 1.09 लाख ट्रांजैक्शन, यानी करीब 6,952 करोड़ रुपए था।

Saturday, December 31, 2022

अमेरिका में मिला कोरोना का नया वैरिएंट XBB.1.5, पिछले BQ.1 वैरिएंट से 120 गुना ज्यादा तेजी से संक्रमण फैलाता है

चीन के बाद अब अमेरिका से कोरोना को लेकर नई टेंशन निकलकर सामने आयी हैअमेरिका में कोरोना का नया वैरिएंट XBB.1.5 मिला है जो दूसरे वैरिएंट की तुलना में बेहद खतरनाक है। चीनी मूल के अमेरिकी हेल्थ ​​​एक्सपर्ट एरिक फेगल डिंग ने कहा है कि यह पिछले BQ.1 वैरिएंट से 120 गुना ज्यादा तेजी से संक्रमण फैलाता है।डिंग ने कहा है कि XBB.1.5 कोरोना का एक सुपर वैरिएंट है।यह पहले के तमाम वैरिएंट्स के मुकाबले तेजी से इंसान के इम्यून सिस्टम को चकमा देने माहिर है।चिंता की बात यह है कि इस वैरिएंट की एंट्री अब भारत में हो गई है। गुजरात में भी इस वैरिएंट का एक मामला सामने आया है। इसके चलते लोगों के अस्पताल में भर्ती होने की दर लगातार बढ़ रही है। 

Friday, December 30, 2022

पी एम नरेंद्र मोदी की मां हीराबा पंचतत्व में विलीन, आज शुक्रवार तड़के 3:30 बजे यूएन मेहता अस्पताल में हुआ था निधन

पी एम नरेंद्र मोदी की मां हीराबा का आज शुक्रवार तड़के 3:30 बजे यूएन मेहता अस्पताल में निधन हो गयापी एम मोदी ने खुद ही निधन की जानकारी ट्वीट के जरिए दी।मां हीराबा 100 साल की थीं। मंगलवार देर रात सांस लेने में तकलीफ होने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उन्हें कफ की शिकायत भी थी।आज सुबह 9:26 बजे मां हीराबा पंचतत्व में विलीन हो गईं।मोदीजी ने उन्हें मुखाग्नि दी।अंतिम सफर के दौरान पी एम नरेंद्र मोदी  मां की पार्थिव देह कंधे पर लेकर गांधी नगर स्थित घर से निकले। यात्रा के दौरान मोदी जी शव वाहन में ही पार्थिव देह के करीब बैठे रहे। पी एम ने आज का अपना कोई तय कार्यक्रम रद्द नहीं किया। वह अंतिम संस्कार के बाद सीधे अहमदाबाद स्थित राजभवन गए।यहीं से राष्ट्रीय गंगा परिषद की बैठक में वर्चुअली जुटेंगे और प्रोजेक्ट्स की शुरुआत करेंगे।

PM मोदी ने ट्वीट कर दी माँ हीराबा के निधन की जानकारी 

PM मोदी ने ट्वीट कर हीराबा के निधन की जानकारी दी। शुक्रवार की सुबह 6 बजकर 2 मिनट पर उन्होंने लिखा- शानदार शताब्दी का ईश्वर चरणों में विराम। मां में मैंने हमेशा उस त्रिमूर्ति की अनुभूति की है, जिसमें एक तपस्वी की यात्रा, निष्काम कर्मयोगी का प्रतीक और मूल्यों के प्रति प्रतिबद्ध जीवन समाहित रहा है।

मोदी ने आगे लिखा- मैं जब उनसे 100वें जन्मदिन पर मिला तो उन्होंने एक बात कही थी, जो हमेशा याद रहती है कि काम करो बुद्धि से और जीवन जियो शुद्धि से। हीराबा ने जून में ही अपना 99वां जन्मदिन मनाया था। प्रधानमंत्री मोदी उस समय उनसे मिलने आए थे। उस दौरान PM ने हीराबा के पैर धोकर पानी अपनी आंखों से लगाया था।


गृह मंत्री अमित शाह: ट्वीट किया- मां एक व्यक्ति के जीवन की पहली मित्र और गुरु होती है। जिसे खोने का दुख नि:संदेह संसार का सबसे बड़ा दुख है।

भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा: लिखा- हीराबा जी का संघर्षपूर्ण व सात्विक जीवन सदैव प्रेरणादायक है, जिनके वात्सल्य व सत्यनिष्ठा से देश को यशस्वी नेतृत्व मिला। मां का जाना अपूरणीय क्षति है, इस रिक्तता की पूर्ति असंभव है।

यूपी के मुख्यमंत्री योगी: ट्वीट किया- एक पुत्र के लिए मां पूरी दुनिया होती है। मां का निधन पुत्र के लिए असहनीय और अपूरणीय क्षति होती है। PM मोदी जी की पूज्य माता का निधन अत्यंत दुखद है। प्रभु श्री राम दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान प्रदान करें।


Featured Post

लोन होंगे सस्ते, RBI ने की रेपो रेट में कटौती 0.50%

रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) बैंकों को दिए जाने वाले कर्ज की दर यानी रेपो रेट में 0.50% की कटौती की है। अब रेपो रेट 5.50% रह गया है। इससे बैं...